Thursday, September 19, 2024

यूपी: रामचरितमानस पर बोले साक्षी महाराज, स्वामी प्रसाद मौर्य ने ठोकी सपा के ताबूत में आखिरी कील

लखनऊ। एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने उत्तर प्रदेश के आगरा पहुंचे सांसद साक्षी महाराज ने सपा को आड़े हाथों लिया। रामचरितमानस विवाद को लेकर सपा पर निशाना साधते हुए सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि 2024 में सपा इतिहास बन जाएगी। इस दौरान उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य पर भी हमला किया।

धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे साक्षी महाराज

बता दें कि बरहन रोड स्थित रसूलपुर गांव में वैद्य भूप सिंह आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज परिसर 101 फुट ऊंची भगवान शिव की मूर्ति लगाई गई है। इसके अलावा 108 शिवलिंग की भी प्राण-प्रतिष्ठा की गई है। इसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बीजेपी सांसद साक्षी महाराज आगरा पहुंचे थे। उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने वहां पहुंचकर भगवान भोले शंकर की पूजा की एवं हवन में आहुति भी दी।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने ठोकी सपा के ताबूत में आखिरी कील

इस मौके पर साक्षी महाराज ने कहा कि रामचरितमानस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा के ताबूत में आखिरी कील ठोक दी है। 2024 में सपा इतिहास बन जाएगी। रामभक्त सपा को इतिहास के पन्नों में समेट देंगे।

संत राजुदास ने भी साधा था निशाना

बता दें कि जबसे स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस को लेकर विवादित टिपण्णी की है, तबसे वो लोगों के निशानों पर है। हाल ही में संत राजुदास ने भी ये ऐलान किया था कि वे स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार सनातन संस्कृति और रामचरितमानस को गाली दे रहे हैं। जो कि निंदनीय है। इससे हिन्दू धर्म की भावनाएं आहत हो रही है।

Latest news
Related news