Thursday, September 19, 2024

यूपी: श्रीराम की नगरी अयोध्या में 10 दिन चलेगा भव्य राम जन्मोत्सव, होंगे कई इवेंट्स

लखनऊ। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में नवरात्रि पर 21 मार्च से 30 मार्च तक राम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इसका आयोजन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है। इस मेगा इवेंट के लिए तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से एक पोस्टर भी जारी किया है। इस पोस्टर में पूरे कार्यक्रम का विवरण दिया गया है।

‘रन फॉर राम मैराथन’ का आयोजन

ट्रस्ट के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि इस कार्यक्रम में ‘रन फॉर राम मैराथन’ दौड़ का आयोजन किया जाएगा।इसके अलावा कुश्ती, कबड्डी, बोट रेस, तलवारबाजी, साइकिल रेस सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्म महोत्सव के दौरान शाम को धार्मिक सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें रामचरितमानस के प्रसंगों पर आधारित नाटक, संगीतमय प्रस्तुतियां एवं हिंदी कवियों का जमावड़ा लगेगा।

देखिए कार्यक्रमों की रुपरेखा

आपको बता दें कि नवरात्र के दौरान अयोध्या में रामकथा प्रवचन, संगीत-संध्या, शास्त्रीय-उपशास्त्रीय, सुगम संगीत, अयोध्या का पारंपरिक बधाई गान, श्रीरामायण के प्रसंगों पर आधारित नाट्य-प्रस्तुति, श्रीरामचरित मानस जयंती और कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम दोपहर 4 बजे से रात 10 बजे तक होंगे। इसके अलावा खेल-कूद संबंधी कार्यक्रम जैसे कि योगाभ्यास, वॉलीबॉल, कबड्डी, दंगल, बोट रेस, तलवारबाजी, खो-खो, मलखम और कलारीपट्टू रोज सुबह साढ़े 5 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राम भक्तों को आमंत्रित किया गया है।

मंदिरों में अखंड रामयण पाठ का आयोजन

मालूम हो कि इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम नवमी एवं चैत्र नवरात्र पर शक्तिपीठों और मंदिरों में विशेष आयोजन के लिए सभी ज़िलों को एक-एक लाख रुपए उपलब्ध कराने का आदेश दिया था। इस दौरान सभी मंदिरों में अखंड रामायण का पाठ भी होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए लिए सभी जिलों के जिलाधिकारी और मंडलों के कमिश्नर को निर्देश जारी किए गए हैं।

जानिए मां दुर्गा के किस स्वरूप की किस दिन होगी पूजा

नवरात्रि पहला दिन- 22 मार्च 2023 दिन (बुधवार): मां शैलपुत्री की पूजा
नवरात्रि दूसरा दिन- 23 मार्च 2023 दिन (गुरुवार): मां ब्रह्मचारिणी की पूजा
नवरात्रि तीसरा दिन- 24 मार्च 2023 दिन (शुक्रवार): मां चंद्रघंटा की पूजा
नवरात्रि चौथा दिन -25 मार्च 2023 दिन (शनिवार): मां कुष्मांडा की पूजा
नवरात्रि पांचवां दिन- 26 मार्च 2023 दिन (रविवार): मां स्कंदमाता की पूजा
नवरात्रि छठवां दिन -27 मार्च 2023 दिन (सोमवार): मां कात्यायनी की पूजा
नवरात्रि सातवां दिन -28 मार्च 2023 दिन (मंगलवार): मां कालरात्रि की पूजा
नवरात्रि आठवां दिन- 29 मार्च 2023 दिन (बुधवार): मां महागौरी की पूजा
नवरात्रि नौवां दिन- 30 मार्च 2023 दिन (गुरुवार): मां सिद्धिदात्री की पूजा

Latest news
Related news