Friday, September 20, 2024

पीएम मोदी ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- शासकों की तरह सरकार चलाने की कीमत यूपी ने चुकाई

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के बुलंदशहर में 19 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा दो स्टेशनों से मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर न्यू खुर्जा-न्यू रेवाड़ी के बीच 173 किलोमीटर लंबी डबल लाइन विद्युतीकृत खंड का उद्घाटन किया।

किसानों के लिए किया काम

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में हर वर्ग को साधा। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए जितना हमारी सरकार ने काम किया है उतना पहले किसी सरकार ने नहीं किया है। बीते 10 वर्षों में जन कल्याण की हर योजना का सीधा लाभ हमारे छोटे किसानों को मिला है। करोड़ों पक्के घर बने हैं तो इनके बहुत बड़े लाभार्थी गरीब किसान और खेत मजदूर हैं।

राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय

पीएम मोदी ने पूर्व सीएम कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र निर्माण का और सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना है। अयोध्या में मैंने राम लला के सान्निध्य में कहा था कि राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है।

सपा-कांग्रेस पर निशाना

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने बिना नाम लिए सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक शासकों की तरह सरकार चलाने वाले सत्ता में रहे। उन्होंने समाज का बंटवारा किया। इसकी कीमत यूपी में कई पीढ़ियों को चुकानी पड़ी। जिस उत्तर पदेश में देश की सबसे अधिक आबादी बसती थी उसपर ध्यान नहीं दिया गया।

Latest news
Related news