Friday, September 20, 2024

हीट वेव को लेकर सीएम योगी की उच्चस्तरीय बैठक, जानिए अहम निर्देश

लखनऊ। यूपी में लोग भीषण गर्मी से परेशान है। प्रचंड गर्मी पड़ने की वजह से जनता बेहाल है। गर्मी के चलते लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गये है। तेज धूप और लू की वजह से लोगों की जान जा रही है। प्रदेश के सीएम योगी ने आज एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने प्रदेश में हीट-वेव (लू) की स्थिति को लेकर समीक्षा कर आधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था

सीएम योगी ने कहा कि विगत कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भीषण गर्मी-लू का प्रकोप देखा जा रहा है। ऐसी स्थिति में आम जनजीवन और पशुधन, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर पुख्ता प्रबंध किए जाये। भीषण गर्मी के दृष्टिगत सभी नगर निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ रखवाए जाये। बाजार में और मुख्य मार्गों पर जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था हो। इस कार्य में उन्होंने सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को सहयोग करने की अपील की।

लोगों को करें जागरूक

सीएम योगी ने आगे कहा कि हीट-वेव (लू) के लक्षणों और उससे बचाव के लिए आमजन को जागरूक किया जाये। अस्पतालों-मेडिकल कॉलेजों में हीट-वेव से प्रभावित लोगों का तत्काल इलाज किया जाये। राहत आयुक्त कार्यालय के स्तर से मौसम पूर्वानुमान का दैनिक बुलेटिन जारी किया जाये। भीषण गर्मी से गोवंश, श्वान आदि को राहत दिलाने हेतु सार्वजनिक स्थानों पर पानी एवं छाया की व्यवस्था की जानी चाहिए। पक्षियों के लिए छोटे बर्तनों में पानी एवं दाना रखें और इस कार्य के लिए दूसरों को भी प्रेरित करें।

सड़कों पर पानी का छिड़काव

सीएम योगी ने बैठक में कहा कि पानी की कमी से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाये। भीषण गर्मी के बीच पशुधन और वन्य जीवों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है। सभी प्राणि उद्यानों-अभयारण्यों में हीट-वेव एक्शन प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाये। सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाये।

पशुधन के चारे और पानी की उचित व्यवस्था

तेज गर्मी और लू का मौसम चल रहा है। ऐसे में गांव हो या शहर, कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती न हो। जरूरत हो तो अतिरिक्त बिजली खरीदने की व्यवस्था करें। ट्रांसफॉर्मर जलने और तार गिरने जैसी समस्याओं का बिना विलंब निस्तारण किया जाये। गोशालाओं में पशुधन के चारे और पानी की उचित व्यवस्था हो। पशुपालक कृषकों को हीट-वेव की स्थिति में सुरक्षित रखने के पुख्ता इंतजाम हो।

Latest news
Related news