Thursday, September 19, 2024

CM Yogi Adityanath: सपा और कांग्रेस पर सीएम योगी का हमला, बोले जीत गए तो ये जजिया कर लगाएंगे

लखनऊ। लोकसभा चुनावन के मद्देनजर 20 मई को यूपी में पांचवें चरण का चुनाव होना है। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार (15 मई) को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चार चरण में हुए लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदाई तय कर दी है। खरगे ने कहा कि 4 जून को इंडिया गठबंधन नई सरकार बना रही है। अब इस पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला बोला है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने समाजवादी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के अंदर औरंगजेब की आत्म घुस चुकी है। ये जजिया कर लगाएंगे। साथ ही सीएम ने ये भी कहा कि इंडिया गठबंधन राम विरोधी है। चार चरणों के बाद देश के अंदर मोदी जी की लहर सुनामी बन चुकी है। इंडिया गठबंधन की हवा निकल चुकी है। इनकी नकारात्मक राजनीति को जनता ने खारिज किया है।

कांग्रेस का इतिहास है…

सीएम योगी (CM Yogi Adityanath) ने कहा कि खरगे जी को सच बोलने की आदत डालनी चाहिए। यूपी में तो वैसे भी कांग्रेस का सफाया है। कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, इन लोगों ने बंटवारे की राजनीति की है। कांग्रेस का इतिहास है देश को पहले बांटा, फिर जाति, मत और मजहब के आधार पर बांटा, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटा। आज फिर ये उसी प्रकार की विभाजन की राजनीति करना चाहते हैं…झूठ बोलकर गुमराह करने की राजनीति करते हैं। सीएम योगी ने कहा कि 2012 में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उन्होंने कहा था कि यहां जितने भी दलित महापुरुषों के स्मारक बने हुए हैं इन्हें तोड़कर कोई दूसरी चीज बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि बांटो और राज करो के कांग्रेस के सिद्धांत का अनुसरण आज INDI गठबंधन कर रहा है। संविधान में जितना संशोधन और जितनी छेड़छाड़ कांग्रेस ने की इतना किसी ने नहीं किया। आज भी कांग्रेस और सपा इस प्रकार का षड्यंत्र कर रहे हैं जो देश और समाज के लिए अपूरणीय क्षति हो सकती है।INDI गठबंधन राम विरोधी है। ये अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ी जाति को मिलने वाले आरक्षण के विरोधी हैं।

कांग्रेस-सपा ने बाबा साहब का अपमान किया

बीजेपी नेता ने कहा कि भारत का जागरुक मतदाता 2014 में पिंड छुड़ा चुका है, अब कांग्रेस देश में कभी भी सत्ता में नहीं आ सकती। कांग्रेस गुमराह करने वाली राजनीति करती है। बाबा साहब का सबसे ज्यादा अपमान कांग्रेस-सपा ने किया है। बाबा साहब के नाम पर बना हुआ मेडिकल कॉलेज का नाम इन्होंने हटा दिया था। कांशीराम के नाम पर बने कॉलेज का नाम बदल दिया था। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का इतिहास भारत को जाति के नाम पर बांटने का रहा है। देश की आस्था के साथ भी ये लोग खिलवाड़ करते हैं। इन्हीं मल्लिकार्जुन खरगे ने भगवान राम और शिव को लड़ाने का प्रयास किया था। इनकी मानसिकता क्षुद्र है, ये नया भारत है।

Latest news
Related news