Monday, September 23, 2024

राजधानी लखनऊ में केंद्रीय मंत्री के घर में युवक की हत्या, बेटे के पिस्टल से चली थी गोली

लखनऊ। यूपी के लखनऊ दुबग्गा में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर में एक युवक की हत्या कर दी गयी है। इस वारदात को मंत्री के बेटे के पिस्टल से अंजाम दिया गया है। पुलिस को घर के अंदर खून से लथपथ युवक का शव मिला। मृतक युवक की पहचान विनय श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो कि मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास उर्फ आशू का दोस्त बताया जा रहा है।

जानिए डीसीपी ने क्या कहा

DCP राहुल राज ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि रात में मंत्री के घर पर 6 लोग आये हुए थे। देर रात तक खाना-पीना चला इसके बाद यह घटना हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। युवक के सिर पर चोट के निशान हैं। साथ ही घटनास्थल से पिस्टल भी बरामद किया गया है जो विकास किशोर की बताई जा रही है। वहीं घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है।

घर में अकेले रहता है मंत्री का बेटा

बता दें कि मृतक विनय श्रीवास्तव बीजेपी का कार्यकर्ता था। दुबग्गा स्थित जिस घर में घटना को अंजाम दिया गया है वो मंत्री के बेटे विकास किशोर का है। वह अपने पिता से अलग रहता था। घटना की सूचना मिलते ही मंत्री कौशल किशोर भी मौके पर पहुंचे उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि घटना के वक्त उनका बेटा घर में नहीं बल्कि वह अभी दिल्ली में हैं।

Latest news
Related news