Monday, October 28, 2024

यूपी में आज बिगड़ेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

लखनऊ। यूपी में रविवार से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से जारी बुलेटिन के अनुसार पूर्वी, पश्चिमी और बुन्देलखंड अंचलों के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में सोमवार से मंगलवार के बीच भी ऐसा ही मोसम रहने की उम्मीद है।

वज्रपात की आशंका

रविवार से सोमवार के बीच मथुरा, आगरा, मेरठ, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में ओले पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीतापुर, लखनऊ, वाराणसी और आसपास के इलाकों में वज्रपात की आशंका है।

पछुआ हवा चलने के कारण तापमान गिरा

लखनऊ में पछुआ हवा चलने के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बीती रात न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पूर्वी यूपी में बदला मिजाज

पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। शनिवार को बादल और सूरज के बीच में दिनभर आंख मिचौली चली। उधर, रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान में बादलों की मौजूदगी व बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया था। शनिवार को बादल आए जरूर लेकिन घनत्व कम रहा। बादलों की मौजूदगी में भी सूरज की तपिश कायम रही। अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार के मुकाबले रात के तापमान में इजाफा हुआ। शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को यह 9 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को हवा में अधिकतम नमी 86 फीसदी तक रही। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है।

बारिश की आशंका

रविवार से सोमवार के बीच ब्रज मंडल के मथुरा समेत, आगरा, अमरोहा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में ओले पड़ने की ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया हैं। आगरा, अलीगढ़ में बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

Latest news
Related news