लखनऊ। सुबह कोहरे व शाम को गलन से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में कोहरे के चलते कई दिनों से सूर्य देवता के दर्शन नहीं हो रहे। इसके साथ ही बर्फीली हवाओं के बीच दोपहर में हल्की बारिश ने गलन बढ़ा दी है। सर्दी से बचने के लिए लोग घरों […]
लखनऊ। सुबह कोहरे व शाम को गलन से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में कोहरे के चलते कई दिनों से सूर्य देवता के दर्शन नहीं हो रहे। इसके साथ ही बर्फीली हवाओं के बीच दोपहर में हल्की बारिश ने गलन बढ़ा दी है। सर्दी से बचने के लिए लोग घरों में हीटर व अलाव के सामने बैठे नजर आए।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अगले दो दिन धूप निकलने के आसार नहीं हैं। साथ ही करीब 10 किलोमीटर की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चलेंगी। राजधानी में दिन का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं रात का तापमान 12 डिग्री तक रिकार्ड किया गया। वहीं, मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम 10.8 रहा।
मौसम विशेषज्ञो के मुताबिक चार दिनों तक लखनऊ, अंबेडकरनगर, अलीगढ़, अयोध्या, बहराइच, बदायूं, बलरामपुर, बाराबंकी, देवरिया, बस्ती, फर्रुखाबाद, गोरखपुर, गोंडा, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, शाहजहांपुर, संत कबीर नगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सीतापुर और श्रावस्ती समेत आसपास के जिलों में घना कोहरा के साथ शीतलहर का असर दिखेगा। इस दौरान इन जिलों में रात में दृश्यता शून्य रहेगी।
मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे, शीतलहर और कोल्ड-डे कंडीशन को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। कई शहरों के लिए आरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक खराब मौसम की चेतावनी भी जारी की है। अमरोहा, बिजनौर, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुण और मेरठ में अत्यधिक घने कोहरा के साथ ठंडी हवाएं परेशान करेंगी। इन शहरों में विजबिलटी 10 मीटर से शून्य तक रह सकती है। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो अब 9 जनवरी तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 10 जनवरी से मौसम फिर करवट लेगा और हल्की बरसात हो सकती है।