लखनऊ। यूपी के कुशीनगर में एक दुल्हन का शव पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। बताया जा रहा है कि जयमाला के बाद दुल्हन अपने कमरे में गई, इसके बाद अचानक गायब हो गई। काफी देर तक उसकी तलाश की गई लेकिन वो नहीं मिली तो उसकी छोटी […]
लखनऊ। यूपी के कुशीनगर में एक दुल्हन का शव पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। बताया जा रहा है कि जयमाला के बाद दुल्हन अपने कमरे में गई, इसके बाद अचानक गायब हो गई। काफी देर तक उसकी तलाश की गई लेकिन वो नहीं मिली तो उसकी छोटी बहन से दूल्हे की शादी करवा दी गई। बाद में रविवार की सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। दुल्हन अपने शादी के लिबास में ही थी, साथ में उसने अपनी चुनरी से फांसी का फंदा बना रखा था।
दुल्हन ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई। इसका पता अभी नहीं चला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना चौरा खास थाना क्षेत्र के बिन टोला गांव की है। गांव के रहने वाले उदयनाथ की बेटी नीतू की शादी देवरिया के मझौली राज गांव में तय हुई थी। शाम को बारात पहुंची, जिसका परिवार ने स्वागत सत्कार किया। रात में जयमाला का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद दुल्हन फेरें के लिए तैयार होने अपने कमरे में गई।
दुल्हन की मां ने बताया कि बेटी बाथरूम के लिए जाने की बात कहकर कमरे से बाहर गई। पैर पूजन के समय जब दुल्हन को ढूंढा गया तो वह नहीं थी। काफी देर ढूंढा गया लेकिन वो नहीं मिली। इससे हमें लगा कि बेटी भाग गई है। वहीं दुल्हन के पिता उदयनाथ ने कहा कि बारात दरवाजे पर खड़ी थी। इज्जत बचाने की बात आई तो उन्होंने अपनी छोटी बेटी की शादी दूल्हे से कर दी। बारात विदा होने के बाद जब दुल्हन को ढूंढा गया तो नदी किनारे बरगद के पेड़ पर उसका शव लटका हुआ मिला।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सीढ़ी लगाकर शव को नीचे उतारा। शव जमीन से 15 फीट ऊपर लटका हुआ था। आसपास के लोग चर्चा कर रहे थे कि लहंगा पहनकर दुल्हन इतनी ऊंचाई पर कैसे चढ़ सकती है। लड़की के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।