Monday, October 28, 2024

UP Weather: अभी और सताएगी सर्दी, मौसम विभाग ने यूपी के लिए जारी किया अलर्ट

लखनऊ। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट से गलन बढ़ गई है। मंगलवार को धूप निकली जिसके चलते बर्फीली हवाओं का कोई खास असर नहीं रहा। मेरठ में सोमवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। वहीं प्रदेश में मौसम पल- पल बदल रहा है।

सर्दी का सितम जारी

यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, कश्मीर व उत्तराखंड में सर्दी का सितम जारी है। मंगलवार को कई इलाकों में कोहरा और शीतलहर का प्रकोप रहा। मौसम विभाग ने यूपी में बुधवार के लिए कड़ाके की सर्दी का रेड अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 1-2 स्थानों पर शीतलहर चलने के आसार हैं। पूर्वांचल में एक या दो स्थानों पर पाला पड़ने की भी आशंका है। इस दरम्यान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर और पूर्वी अंचल में कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाया रहने के आसार हैं। राज्य में कई स्थानों पर -कहीं सीवियर कोल्ड डे कोल्ड डे और कहीं-कहीं का प्रकोप रहेगा।

तापमान में आई गिरावट

बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकांश जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। राज्य में कई स्थानों पर कोल्ड डे और कुछ स्थानों पर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति रही। आगरा मण्डल, प्रयागराज में दिन के तापमान में काफी ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को बरेली में दिन का तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं प्रयागराज में मंगलवार को दिन का तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह दोनों स्थान मंगलवार को दिन में सबसे ठंडे रहे।

गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, अयोध्या, बरेली मण्डलों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। सोमवार की रात मेरठ में सबसे कम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 6 डिग्री कम था यानि मेरठ में रात का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था। अयोध्या में सोमवार की रात का तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

अधिक ठंड और घना कोहरा

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि अधिक ठंड और घना कोहरा की चेतावनी वाले जिलों में लखनऊ का भी नाम है। राजधानी भी अगले 2 दिन भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में रहेगी। शुक्रवार से मौसम में बदलाव हो सकता है। शीतलहर का दौर समाप्त होने और धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, लखनऊ, अमेठी, रायबरेली, सुलतानपुर, सहारनपुर, शामली, अयोध्या, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बिजनौर, , मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर और झांसी।

Latest news
Related news