Saturday, October 26, 2024

सरेंडर कर सकती है माफिया मुख्तार की पत्नी, लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बनी है आफ्शा अंसारी

लखनऊ। मुख्तार अंसारी के मौत के बाद मुख्तार अंसारी की पत्नी पर 50 हजार इनाम की घोषणा गाजीपुर पुलिस और 25 हजार इनाम की घोषणा मऊ पुलिस ने की है। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। गाजीपुर जनपद से लखनऊ तक की पुलिस के लिए बीते कई सालों से चुनौती बनी मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अंसारी अब सरेंडर कर सकती है। इसके लिए परिवार के लोग कोशिश में लगे हुए हैं।

सरेंडर हो सकती है आफ्शा अंसारी

मुख्तार का छोटा बेटा उमर अंसारी अब जेल में बंद अब्वास अंसारी, फरार चल रही मां आफ्शा अंसारी को और भाभी निकहत को एक साथ लाने की कोशिश में है। वह भाभी निकहत के साथ कासगंज जेल में बंद भाई अब्बास अंसारी से भी मिलकर ढाढस बंधाया था। वह अब्बास को पैरोल पर जेल से बाहर निकालने की कोशिश में लगा है। इसी तरह गाजीपुर पुलिस की ओर से 50 हजार और मऊ पुलिस की ओर से 25 हजार की इनामी घोषित आफ्शां को भी सामने लाने का प्रयास कर रहा है। उमर अंसारी ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि पिता की मौत के बाद मां नहीं पहुंच पाई थी। हम कानूनी तरीके से लड़ाई के लिए तैयार हैं। आफ्शा जल्द ही सामने आ सकती है।वहीं, मुख्तार अंसारी के भाई और सांसद अफजाल अंसारी ने भी कहा कि मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा को सरेंडर कर देना चाहिए। उनके वकील कोर्ट में न्यायिक प्रक्रिया अपनाएं। इसमें आफ्शा के सरेंडर करने की संभावना बढ़ी है।

मकान पर नोटिस चस्पा कर लौट जाती है पुलिस

मुख्तार अंसारी और उसकी पत्नी के नाम फाटक से करीब 100 मीटर दूरी पर दर्जी मोहल्ले में एक मकान है, जिसपर ही न्यायालय की नोटिस चस्पा करने के साथ डुगडुगी पिटवाकर कुर्की की कार्रवाई कर पुलिस लौट जाती है। जमीन की खरीद फरोख्त, फर्जी तरीके से भूमि पर कब्जा कर आर्थिक लाभ लेना के अलावा सरकारी भूमि को रसूख के बल पर अपने नाम कराने जैसे कई मामलों को लेकर आफशां अंसारी पर गाजीपुर, मऊ, लखनऊ में मुकदमा दर्ज है। मऊ पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया है।

हार्ट अटैक से हुई थी मुख़्तार की मौत

उत्तर प्रदेश के बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी को 28 मार्च को हार्ट अटैक आया था। आनन फानन में उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया था। 9 डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज किया लेकिन फिर भी उसे बचाया नहीं जा सका। मुख्तार अंसारी ने कई बार कहा था कि उसे जेल में जहर दिया जा रहा। उसकी मौत के बाद परिजन भी जहर देकर मारने का आरोप लगा रहे हैं।

Latest news
Related news