लखनऊ। प्रभु राम की नगरी अयोध्या में रामलला के गर्भ गृह का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 22 जनवरी 2024 को 12 बजकर 20 मिनट पर मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। वहीं अब बताया जा रहा है कि अयोध्या में रमजान से पहले मस्जिद की नींव रखी जायेगी। यहां पर पहली नमाज मक्का के इमाम अब्दुल रहमान अल सुदैस पढ़ेंगे।
रखी जायेगी सबसे बड़ी कुरान
भाजपा नेता हाजी अराफात शेख के मुताबिक मोहम्मद पैगंबर के नाम पर मस्जिद का नाम मोहम्मद बिन अब्दुल्ला रखा जायेगा। यह भारत की सबसे बड़ी मस्जिद होगी। इस मस्जिद में 21 फीट ऊंची और 36 फीट चौड़ी कुरान रखी जायेगी जो दुनिया की सबसे बड़ी कुरान होगी। इस मस्जिद का निर्माण कुल 11 एकड़ जमीन में होगा। सभी देशों के शीर्ष मौलवियों को समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा जायेगा।
बनेगा वेज किचन
बता दें कि इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन इस मस्जिद का निर्माण-कार्य सौंपा गया है। अगले 5-6 साले में यह बनकर तैयार हो जायेगी। मक्का मस्जिद में नमाज का नेतृत्व करने वाले इमाम-ए-हरम भी इसमें शामिल होंगे। मजिस्द परिसर में कैंसर हॉस्पिटल बनाया जायेगा, जहां लोगों का मुफ्त में इलाज हो पायेगा। साथ ही स्कूल, म्यूजियम और लाइब्रेरी बनेगी। वेज किचन बनाये जाएंगे जहां पर लोग मुफ्त में खाना खा सकेंगे।