Friday, September 20, 2024

देवरिया हत्याकांड: प्रेम यादव की पत्नी ने दर्ज FIR पर उठाया सवाल, असली कातिलों को छोड़ने का आरोप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के देवरिया से 2 अक्टूबर को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां जिले के रुद्रपुर कोतवाली के फतेहपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस हादसे ने प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। इसी बीच मृतक प्रेम यादव की पत्नी शीला यादव ने अपने पति की हत्या में दर्ज FIR पर सवाल उठाया है।

पुलिस अधीक्षक से शिकायत करेंगी शीला

शीला यादव ने आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस ने जल्दबाजी में केस दर्ज किया और उनके पति को मारने वाले कातिलों को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने केस दर्ज कराया है उसे भी जेल भेज दिया गया और उन्हें मुकदमे की कॉपी तक नहीं दी। शीला यादव ने कहा कि वो इस मामले में पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत करेंगी। साथ ही न्याय की गुहार लगाएंगी।

बड़ी साजिश का आरोप

प्रेम यादव की पत्नी का कहना है कि अनिरुद्ध यादव की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। जिन्हें वादी बनाया गया है वो अभी जेल में है। जिन्हें आरोपी बनाया गया है वो मर चुके हैं। केस दर्ज करने में एकतरफा कार्रवाई हुई है। इस केस में मृतक सत्यप्रकाश दुबे, किरन, गांधी, सलोनी और नंदनी को आरोपी बनाया गया है। जबकि कई अन्य लोग भी इसमें शामिल रहे हैं लेकिन उनका नाम केस में दर्ज नहीं है। मेरे पति को मौत के घाट उतारने वाले बच जाएं, बड़ी साजिश की गई है। मैं पुलिस के आला अफसरों से इस मामले में शिकायत करूंगी।

जानिए पूरा मामला

बता दें कि पूरा मामला देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव का है। जहां 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन सुबह-सुबह जमीन विवाद में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की हत्या कर दी गई। जिसके बाद गुस्साएं मृतक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और तीन नाबालिग बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अभी इलाज चल रहा है।

Latest news
Related news