Thursday, September 19, 2024

महाशिवरात्रि पर सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक, मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की भीड़

लखनऊ। आज देश भर में महाशिवरात्रि की धूम है। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे और गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने सुबह में पंचगभ से भोले नाथ का रुद्राभिषेक किया और राज्यवासियों के मंगल की कामना की। बता दें कि सीएम योगी महाशिवरात्रि की सुबह 10 बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंच गए थे। उन्होंने सर्वप्रथम अपने गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन- पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ की समाधि पर जाकर उनसे आशीर्वाद लिया।

सीएम ने शेयर की तस्वीरें

सीएम योगी ने मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान की तस्वीरें अपने एक्स अकाउंट पर शेयर की है। उन्होंने लिखा कि वाधिदेव महादेव की आराधना एवं पूजन के महापर्व ‘महाशिवरात्रि’ के पवित्र अवसर पर आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर चराचर जगत के कल्याण और समृद्धि की प्रार्थना की। हर हर महादेव! वृषभध्वजाय सोमाय सोमनाथाय शम्भवे। दिगम्बराय भर्गाय उमाकान्ताय वै नमः॥

मंदिरों में भक्तों की भीड़

राज्य में महाशिवरात्रि की धूम है। मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मंदिर हर-हर महादेव के नारों से गूंज रहा है। विधि-विधान के साथ भोले नाथ की पूजा की जा रही है। भक्त शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध-दही, धतूरा, दूब, फूल, फल चढ़ा रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसरों में बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल के जवानों की तैनाती की गई है।

Latest news
Related news