Friday, September 20, 2024

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने पर जानें क्या बोले प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम

लखनऊ। केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और भारत में हरित क्रांति के जनक एम.एस. स्वामीनाथन को भारत रत्न देने का ऐलान किया है। मोदी सरकार के इस फैसले पर उत्तर प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम ने ख़ुशी जताई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्हें (पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह) भारत रत्न का सम्मान देकर प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। ये सम्मान किसानों को भी समर्पित है क्योंकि वे किसानों के मसीहा थे। मैं सभी समर्थकों और अनुयायियों को बहुत बधाई देता हूं।

जानें क्या बोले ब्रजेश पाठक

वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए ख़ुशी जताई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मोदी सरकार के फैसले पर ख़ुशी जताई है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह के लिए भारत रत्न की मांग समाजवादी पार्टी ने थी। जितने भी लोगों को भारत रत्न मिला है। मैं उनको बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मालूम हो कि इस महीने में चार भारत रत्न देने का ऐलान किया गया है।

पीएम ने लिखी ये बात

बता दें कि सोशल मीडिया साइट एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा है कि हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की।

Latest news
Related news