Friday, September 20, 2024

जयंत-अखिलेश के बीच 7 सीटों पर चर्चा, कांग्रेस को लेकर सपा प्रमुख ने कही ये बात

लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान किया। दरअसल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। जिसमें उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल और सपा के गठबंधन की सभी को बधाई! जीत के लिए सभी एकजुट हो जाएं, जुट जाएं! RLD संग गठबंधन को लेकर सपा प्रमुख ने प्रतिक्रिया दी है।

7 सीटों पर लड़ेगी रालोद

मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी और RLD के जयंत चौधरी जी की बात अच्छी हुई। हमने मिलकर 7 सीटों पर चर्चा की है। कांग्रेस के साथ भी गठबंधन की बात हो रही है। कई बैठक दिल्ली में हो चुकी हैं। बहुत जल्द ही और बैठक होगी और रास्ता निकाल लिया जाएगा। INDIA गठबंधन मजबूत हो, सवाल सीट का नहीं जीत का है। जीत के आधार पर हम सब लोग मिलकर फैसला लेंगे।

रालोद का प्रदर्शन

बताया जा रहा है कि रालोद हाथरस, मथुरा, कैराना, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर और अमरोहा सीट से चुनाव लड़ेगी। ये सभी सीटें पश्चिमी यूपी उत्तर प्रदेश की है। 2009 में आरएलडी ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था जिसमें उसने बिजनौर, बागपत, अमरोहा, मथुरा और हाथरस सीट पर जीत हासिल की थी। इसके बाद से रालोद का प्रदर्शन गिरता गया। 2019 में सपा से रालोद को मथुरा, मुजफ्फरनगर और बागपत की सीट मिली थी और उसे तीनों ही सीटों पर करारी हार का सामना करना पड़ा था।

Latest news
Related news