Thursday, September 19, 2024

बृजभूषण शरण सिंह की अयोध्या में होने वाली रैली रद्द , अयोध्या प्रशासन ने नहीं दी अनुमति

लखनऊ। यूपी के कैसरगंज से लोकसभा सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह 5 जून को अयोध्या में रैली करने वाले थे लेकिन यह रैली अब रद्द कर दी गई है। दरअसल प्रशासन ने 5 जून को रैली करने की अनुमति नहीं दी है जिसके बाद इसे रद्द करना पड़ा। मालूम हो कि अयोध्या में धारा 144 लागू है।

झूठे आरोप लगा रहे विरोधी

बृजभूषण सिंह ने बयान जारी कर रैली रद्द होने की जानकरी दी है। जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रिय शुभचिंतकों… मैं आपके स्नेह से पिछले 28 साल से लोकसभा सदस्य के रूप में संवैधानिक पद पर हूं। चाहे सत्ता में रहूं या विपक्ष में मैंने हमेशा जाति, सम्प्रदाय और सभी धर्म के लोगों को एक साथ लेकर चलने का प्रयास किया है। इस वजह से मेरे राजनैतिक विरोधी और उनकी पार्टियां मेरे पर झूठे आरोप लगाते रहे हैं।

राष्ट्रद्रोही ताकतें सामाजिक समरसता खराब करने में लगी

वर्तमान घटनाक्रम में कुछ राजनीतिक दल अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। वे लोग जगह- जगह सभा लगाकर क्षेत्रवाद , प्रांतवाद एवं जातीय संघर्ष को भड़काकर सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने में लगे हुए हैं। राष्ट्रद्रोही ताकतें सामाजिक समरसता खराब करने का मौका ढूंढने में लगे हुए हैं, मैं इसका पक्षधर नहीं हूं। 5 जून को अयोध्या में एक संत सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया था ताकि समाज में फैली हुई बुराई पर चिंतन कर सके। लेकिन पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का सम्मान करते हुए “जन चेतना महारैली , 5 जून, अयोध्या चलो” कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

11 लाख लोगों को जुटाने का दावा

बता दें कि महिला पहलवानों द्वारा यौन शोषण के आरोपों में घिरे बृजभूषण सिंह ने दावा किया था कि 5 जून को अयोध्या में होने वाली रैली में 11 लाख से अधिक लोग इक्कठा होंगे। अयोध्या के रामकथा पार्क में यह रैली होनी थी लेकिन अब इसे रद्द कर दिया गया है।

Latest news
Related news