Friday, September 20, 2024

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने पर बोले अखिलेश, सपा ने ही की थी मांग

लखनऊ। केंद्र सरकार ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का ऐलान किया है। उनके अलावा पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव एवं हरित क्रांति के जनक एम.एस. स्वामीनाथन को भी भारत रत्न से सम्मानित किया जायेगा। चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने के ऐलान पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ख़ुशी जताई है।

सपा ने की थी मांग

मीडिया से बात करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बहुत बधाई और चौधरी चरण सिंह के लिए भारत रत्न की मांग समाजवादी पार्टी ने थी। जितने भी लोगों को भारत रत्न मिला है। मैं उनको बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। बता दें कि इस महीने में चार भारत रत्न देने का ऐलान किया गया है। इससे पहले बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा की गई थी।

पीएम ने लिखी ये बात

बता दें कि सोशल मीडिया साइट एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा है कि हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की।

Latest news
Related news