Friday, September 20, 2024

ओपी राजभर के बाद आज दारा सिंह चौहान थामेंगे बीजेपी का दामन, बन सकते हैं कैबिनेट मंत्री

लखनऊ। सुभासपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ओमप्रकाश राजभर के एनडीए का दामन थामने के बाद आज दारा सिंह चौहान भी बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। बता दें कि दारा सिंह ने 2 दिन पहले ही इस्तीफा दिया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद उन्होंने घोसी विधानसभा से इस्‍तीफा दे दिया था। बीजेपी दफ्तर में आयोजित एक कार्यक्रम में वो आज पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण करेंगे।

बन सकते हैं कैबिनेट मंत्री

बताया जा रहा है कि योगी मंत्रिमंडल के पहले विस्‍तार में दारा सिंह चौहान कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं। लोकसभा चुनाव में अब कम समय बचा हुआ है। ऐसे में बीजेपी ने पार्टी को मजबूत करने के लिए ओपी राजभर और दारा सिंह को अपने पाले में कर लिया है। यूपी में ओबीसी और राजभर वोटों पर इन दोनों नेताओं का अच्छा प्रभाव है।

अखिलेश ने कराया था शामिल

बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले दारा सिंह को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा में शामिल कराया था। यूपी सरकार में उन्हें वन, पर्यावरण और जन्तु उद्यान पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि डेढ़ साल में ही दारा सिंह का मन सपा से भर गया और वो अपनी पुरानी पार्टी में लौट रहे हैं।

जानिए कौन हैं दारा सिंह

दारा सिंह चौहान पूर्वांचल के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत उन्होंने बसपा से किया था। वर्ष 1996 से 2000 तक वो राज्यसभा के सदस्य थे। 2009 में बसपा के टिकट पर घोसी विधानसभा से लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत गए। इसके बाद 2015 में भाजपा में शामिल हो गए। वर्ष 2017 में विधानसभा का चुनाव लड़ा। 2022 में बीजेपी को छोड़कर सपा में आ गए थे और अब समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

Latest news
Related news