Wednesday, October 23, 2024

Politics: कांग्रेस का बड़ा फैसला, यूपी में नहीं लड़ेगी चुनाव

लखनऊ। कांग्रेस यूपी में होने वाले उपचुनाव नहीं लड़ेगी। सपा से गठबंधन के तहत कांग्रेस को दो सीटें दी गई थी, लेकिन उसने बड़ा फैसला लेते हुए उपचुनाव लड़ने से साफ मना कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक दोनों सीटों (गाजियाबाद और अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट) पर जीत की कम संभावना को देखते हुए पार्टी ने ये निर्णय लिया है।

महाराष्ट्र चुनाव एक बड़ा कारण

इसके बाद ऐसी संभावना है कि इन दो सीटों पर भी सपा ही चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के इस फैसले को महाराष्ट्र चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस महाराष्ट्र में सपा के साथ स्कोर सेटल करना चाह रही है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को चुनाव न लड़ने की जानकारी दे दी है। गठबंधन में मिली इन सीटों पर कई दशकों से कांग्रेस हार रही है। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस समाजवादी पार्टी का समर्थन करेगी। इस फैसले और ऑफर के पीछे महाराष्ट्र चुनाव का एक बड़ा कारण माना जा रहा है।

सीटों पर महिला प्रत्याशियों की संभावना

कांग्रेस चाहती है कि यूपी का पूरा उपचुनाव सपा अकेले लड़े। बदले सपा कांग्रेस को महाराष्ट्र में चुनाव लड़ने दे या फिर केवल एक-दो सीटों पर ही चुनाव लड़े और कांग्रेस को अपना समर्थन दे। ये दोनों ही विकल्प सपा के सामने पेश किए गए है। हालांकि सपा ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी भी विकल्प से इंकार नहीं किया है। इससे पहले खबर आई थी कि कांग्रेस उपचुनाव में दोनों सीटों (गाजियाबाद और खैर) पर महिला उम्मीदवार को टिकट दे सकती है।

सपा अब 9 सीटों पर चुनाव लड़ेगी

खैर विधानसभा से डॉ. चारु केन को टिकट दिया सकता है। वहीं गाजियाबाद से डॉली शर्मा को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। यूपी विधानसभा की 9 सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने है। सपा पहले सात सीटों पर चुनाव लड़ने वाली थी, लेकिन कांग्रेस के इस फैसले के बाद अब सपा सभी 9 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Latest news
Related news