लखनऊ। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के मद्देनजर आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश में 10 लोकसभा सीटों पर तीसरे चरण का मतदान जारी है। यहां सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू है। बता दें कि तीसरे चरण के मतदान में 100 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। ऐसे में आज मंगलवार को 10 लोकसभा […]
लखनऊ। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के मद्देनजर आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश में 10 लोकसभा सीटों पर तीसरे चरण का मतदान जारी है। यहां सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू है। बता दें कि तीसरे चरण के मतदान में 100 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। ऐसे में आज मंगलवार को 10 लोकसभा सीटों में संभल, हाथरस (आरक्षित), आगरा (आरक्षित), फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली सीटें पर वोटिंग जारी है।
वहीं दूसरी तरफ सपा ने मैनपुरी सीट पर चल रहे मतदान के बीच पुलिस और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल, सपा ने ट्वीट किया, मैनपुरी लोकसभा के करहल में बूथ संख्या 255 पर भाजपा समर्थकों द्वारा पुलिस एवं सपा कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा है साथ ही झगड़े का प्रयास किया जा रहा है। आगे लिखा गया है कि चुनाव आयोग इसपर संज्ञान ले ताकि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो।
बता दें कि यूपी में तीसरे चरण (Lok Sabha Elections 2024) का चुनाव काफी दिलचस्प है क्योंकि मुलायम परिवार के तीन सदस्यों की साख दांव पर लगी हुई है। तीसरे चरण में सबकी नजरें मैनपुरी सीट पर टिकी हुई हैं। यहां से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव प्रत्याशी हैं। हालांकि डिंपल को बीजेपी के मंत्री जयवीर सिंह से कड़ी टक्कर मिल रही है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि डिंपल यादव इस सीट को बरकरार रख पाती हैं या नहीं।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के सामने भी जनाधार बटोरने की चुनौती है। वहीं जिन निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए, इंडिया गठबंधन और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखा जा रहा है वो हैं संभल, आगरा, फतेहपुर सीकरी, मैनपुरी और आंवला। जबकि हाथरस, फिरोजाबाद, एटा और बदांयू सीटों पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच दोतरफा मुकाबला दिखाई दे रहा है।