Friday, September 20, 2024

‘सार्वजानिक रूप से माफ़ी मांगे प्रधानमंत्री’, मणिपुर घटना पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने पीएम मोदी को घेरा

लखनऊ। मणिपुर में इन दिनों दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति है। इसी बीच वहां से एक झकझोर देने वाला वीडियो सामने आया है। कल से सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें देखा जा रहा है कि लोगों की भीड़ दो महिलाओं को नग्न अवस्था में ले जा रही है। इस दौरान कुछ पुरुष दोनों महिलाओं को अभद्र तरीके से छूते हुए दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया गया है। वहीं इस घटना से देश में उबाल आ गया है। सभी लोग इस वीभत्स घटना की निंदा कर रहे हैं।

माफ़ी मांगे पीएम मोदी

इसी बीच सपा महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस घटना को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उनके पास विदेश जाने का समय है जबकि मणिपुर जाने का नहीं। देश की महिलाएं इस घटना से आक्रोशित हैं। मणिपुर के CM को इस्तीफा दे देना चाहिए।

बीजेपी की वोट नीति जिम्मेदार

बता दें कि सपा अध्यक्ष अखलेश यादव भी घटना को लेकर सरकार की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा है कि मणिपुर के हालात के लिए आरएसएस की नफ़रत की नीति और भाजपा की वोट की राजनीति ज़िम्मेदार है। बहन-बेटियों के परिवार वाले अब तो भाजपा की ओर देखने तक से पहले एक बार ज़रूर सोचेंगे। इससे पहले भी अखिलेश ने ट्वीट कर कहा था कि मणिपुर में सभ्यता का चीरहरण किया गया है। जबकि संस्कृति का पाताल-पतन हुआ है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मालूम हो कि इस घटना को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी व्यक्ति की पहचान 32 साल के खुयरूम हेरदास के रूप में हुई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए मणिपुर पुलिस ने 12 टीमें गठित की है। वायरल वीडियो 4 मई का ही बताया जा रहा है। यह घटना मणिपुर की राजधानी इंफाल से 35 किलोमीटर दूर कंगपोकपी जिले का है। मेइती समुदाय के लोग अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग कर रहे थे। जिसके विरोध में कुकी आदिवासी समुदाय और मेइती समुदाय के बीच झड़प शुरू हो गयी। इस हिंसा में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी हैं।

Latest news
Related news