Thursday, October 24, 2024

Phulpur Lok sabha Result: BJP ने फतेह किया अतीक का गढ़, पोलिंग पर पिछड़ी

प्रयागराज। फूलपुर लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र को कभी माफिया अतीक अहमद का गढ़ माना जाता था। इस बार के चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र से BJP प्रत्याशी को अच्छी-खासी बढ़त मिली है। हालांकि अतीक के पोलिंग एचबीएम जूनियर हाईस्कूल चकिया में SP प्रत्याशी को 1241 और BJP उम्मीदवार की झोली में 686 मत मिले हैं। वर्ष 2004 में अतीक अहमद जब फूलपुर से सांसद चुने गए थे तब इस पोलिंग पर उन्हें 1445 मत मिले थे जबकि भाजपा उम्मीदवार को 100 से कम मत मिले थे। इस विधानसभा क्षेत्र के कई बड़े मतदान केंद्रों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। नए मतदाताओं को बनाने और लाभार्थी वोटर को जोड़ने में पूरी ताकत लगाने वाली भारतीय जनता पार्टी के नेता मतदान से पहले आपसी लड़ाई में ऐसा उलझे कि वे 2022 में मिले मतों के बराबर भी वोट हासिल नहीं कर सके। बात फूलपुर लोकसभा क्षेत्र की हो रही है।

इस लोकसभा क्षेत्र में शहर उत्तरी और शहर पश्चिमी को छोड़ दिया जाए तो फाफामऊ, सोरांव व फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को करारी हार मिली है। कहीं स्थानीय विधायक और प्रत्याशी के बीच नहीं बन रही थी, तो कहीं विधायक से जिला संगठन की खटपट चल रही थी।कुछ विधायक तो सिर्फ दिखाने के लिए कैंडिडेट के साथ थे, बाकी समय उनकी अलग बैठकें चलती थीं। विधानसभा चुनाव 2022 के मुकाबले लोकसभा चुनाव 2024 में सोरांव , फाफामऊ व फूलपुर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को कम वोट मिले। फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में जहां 2022 में भाजपा के प्रवीण पटेल विधायक हुए थे तो वह लोकसभा चुनाव में अपनी ही विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी से पीछे हो गए। भाजपा जहां और नीचे गई, वहीं सपा प्रत्याशी ने तेज बढ़त बनाई।वर्ष 2022 में फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते भाजपा विधायक इस लोकसभा चुनाव में उतने मत नहीं दिला सके, जितने उन्हें मिले थे। सोरांव विधानसभा क्षेत्र में 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जितने मत मिले थे, उससे भी कम इस बार वोट मिले।

डिप्टी सीएम की पोलिंग पर बीजेपी को बड़ी बढ़त

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। उनके पोलिंग सेंटर ज्वाला देवी इंटर कालेज में भाजपा प्रत्याशी को जहां 1333 मत मिले वहीं सपा को 516 वोट प्राप्त हो सके। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़े नीरज त्रिपाठी भी फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के वोटर हैं।उनकी पोलिंग गर्ल्स हाईस्कूल में भाजपा को 1498 तो सपा को 893 मत मिले। इस लोकसभा क्षेत्र के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी प्रवीण सिंह पटेल भी वोटर हैं। उनके अंदावा स्थित बूथ संख्या 319 पर उन्हें 524 तो सपा को 191 मत मिले।

Latest news
Related news