Friday, September 20, 2024

जल्द ध्वस्त होगा माफिया अतीक का काला साम्राज्य, ED ने चिन्हित की इतने करोड़ की संपत्ति

लखनऊ। माफिया अतीक अहमद के अवैध साम्राज्य पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। ईडी ने माफिया के 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति को चिन्हित किया है। ED ने प्रयागराज, लखनऊ और नोएडा में 100 करोड़ से ज्यादा की बेनामी संपत्तियों को चिन्हित किया है। प्रयागराज में चिन्हित संपत्ति की कीमत 50 करोड़ से ज्यादा बताई गयी है। जबकि लखनऊ की 20 करोड़ से ज्यादा और नोएडा में चिन्हित संपत्ति की 30 करोड़ से ज्यादा कीमत बताई जा रही है।

दस्तावेज से हुआ खुलासा

बता दें कि ईडी द्वारा चिन्हित संपत्ति को अतीक ने अपने करीबियों के नाम दर्ज कराए थे। ईडी ने जब अतीक के करीबियों के घर पर छापेमारी की तो इस बात का खुलासा हुआ। दरअसल छापेमारी में मिले दस्तावेजों के आधार पर अतीक का नाम सामने आया है। ईडी राजस्व विभाग से संपत्तियों का सत्यापन करा रही है। जिसके बाद मनी लॉड्रिंग के तहत संपत्तियों को अटैच कर दिया जाएगा।

शाइस्ता माफिया घोषित

वहीं दूसरी तरफ अतीक की फरार पत्नी शाइस्ता को पुलिस ने माफिया घोषित कर दिया है। पुलिस ने अपनी FIR में शाइस्ता परवीन को माफिया अपराधी कहा है। साथ ही एफआईआर में यह भी लिखा गया है कि शाइस्ता अपने साथ में शूटर को भी रखती है। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद आरोपी साबिर को पुलिस ने शाइस्ता परवीन का शूटर बताया है।

इसने दी थी शाइस्ता को पनाह

2 मई को असद के दोस्त आतिन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शाइस्ता के खिलाफ FIR दर्ज की थी, जिसमें उसे माफिया अपराधी कहा गया है। दर्ज FIR में ये भी लिखा गया है कि शाइस्ता और उनके शूटरों को आतिन ने ही पनाह दिया था। बता दें कि आतिन जफ़र असद का दोस्त है और उसके साथ राजधानी लखनऊ में रहता था।

Latest news
Related news