Friday, September 20, 2024

देवरिया कांड: ‘बुलडोजर एक्शन के बाद ही होगा ब्रह्मभोज’ तड़प कर बोला जिंदा बचा देवेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के देवरिया से 2 अक्टूबर को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां जिले के रुद्रपुर कोतवाली के फतेहपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया। सीएम योगी ने सख्त कार्रवाई करते हुए SDM और CO समेत कई सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। हत्या के 10 दिन बीत चुके हैं लेकिन मामला अभी शांत नहीं हुआ है। इसी बीच मृतक सत्यप्रकाश दुबे के बेटे देवेश ने ऐलान किया है कि जब तक प्रेम यादव के घर पर बुलडोजर नहीं चलेगा वो ब्रह्मभोज नहीं करेंगे।

परिवार के साथ हुआ है नरसंहार

देवेश का कहना है कि इस पूरे मामले में अब तक सही ढंग से कार्रवाई नहीं हुई है। अगर इस तरह की घटना किसी प्रशासन वाले के साथ हुआ होता तो क्या वो अब तक चुप बैठते। इस घटना के 10 दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। देवेश ने आगे कहा कि उनके परिवार के साथ नरसंहार हुआ है। या तो आरोपियों को फांसी दी जाये या फिर उनका एनकाउंटर हो। जिसने उसके भाई बहनों को गोली मारी है उनका एनकाउंटर किया जाये।

देवरिया जायेंगे अखिलेश यादव

इसी बीच खबर आई है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव मृतकों के पीड़ित परिजनों से मिलने फतेहपुर जायेंगे। इस दौरान अखिलेश मृतकों को श्रद्धांजलि देंगे। बता दें कि प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव 16 अक्टूबर दोपहर 3 बजे फतेहपुर गांव पहुंचेंगे। वो फतेहपुर जाकर सत्य प्रकाश दुबे एवं प्रेम यादव के परिवार वालों से मुलाकात करेंगे।

जानिए पूरा मामला

बता दें कि पूरा मामला देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव का है। जहां 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन सुबह-सुबह जमीन विवाद में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की हत्या कर दी गई। जिसके बाद गुस्साएं मृतक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और तीन नाबालिग बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अभी इलाज चल रहा है।

Latest news
Related news