Friday, September 20, 2024

देवरिया घटना: गांव छोड़कर भागे सारे पुरुष, चारों तरफ सन्नाटा, दिख रहे सिर्फ महिलाएं और बच्चे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के देवरिया से 2 अक्टूबर को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां जिले के रुद्रपुर कोतवाली के फतेहपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया। सीएम योगी ने सख्त कार्रवाई करते हुए SDM और CO समेत कई सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। लोगों में दहशत है। मृतक सत्यप्रकाश दुबे की विवाहित बेटी ने मामले में 27 लोगों को नामजद और 50 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया है। अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पैदा हुआ भोजन का संकट

दहशत के बीच गांव के पुरुष घर छोड़कर फरार हो गए हैं। गांव में सिर्फ महिलएं और बच्चें दिख रहे हैं। यहां पर मजदूरी करके खाने वाले लोगों के सामने भोजन का संकट पैदा हो गया है। क्योंकि पुरुष गांव छोड़कर फरार है और कमाकर लाने वाला कोई नहीं है। इस वजह से खाने के लाले पड़ गये हैं। चारों तरफ पुलिस का पहरा है, ऐसे में ग्रामीण और डरे हुए हैं। इसी बीच प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक इस घटना में घायल हुए बच्चे से मिलने के लिए आज अस्पताल पहुंचे।

देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी

वहां जाकर घायल बच्चे का हालचाल जानने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर कठोर कार्रवाई होगी। इस घटना की उच्च स्तरीय जांच जारी है। मैं खुद इसका मॉनिटरिंग कर रहा हूं। इसमें किसी भी तरह का देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इसमें जो दोषी है उन्हें ऐसी सजा दी जायेगी कि पीढ़िया याद करेंगी। इस दुखद घटना में घायल हुए दुबे जी के पुत्र का गहन चिकित्सकीय इलाज हो रहा है। मैंने बच्चे का हालचाल लिया है, उसकी तबियत में सुधार हो रहा है।

कड़ी से कड़ी मिलेगी सजा

ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि डॉक्टर्स लगातार बच्चे की निगरानी कर रहे हैं। इस वारदात में दोषी लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जायेगी। इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने के लिए जो भी आवश्यक उपाय होंगे वो राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा। सबको न्याय मिले और किसी के साथ अन्याय न हो इस अवधारणा पर सरकार कायम है।

Latest news
Related news