Monday, September 23, 2024

घायल महिला सिपाही से मिलने गए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पुलिस ने रोका तो कार्यकर्ताओं ने काटा बवाल

लखनऊ। यूपी के अयोध्या जिले में एक महिला सिपाही पर सरयू एक्सप्रेस में जानलेवा हमला किया गया। जिसमें महिला सिपाही बुरी तरह से जख्मी हो गयी। उसके साथ क्या हुआ अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है। इसी बीच घायल महिला हेड कांस्टेबल को लेकर यूपी में सियासत तेज हो गयी है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय महिला सिपाही से मिलने के लिए KGMU गए हैं। इस दौरान उनके साथ कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे लेकिन पुलिस की तरफ से केवल 2 गाड़ियों को जाने की इजाजत दी गयी। जिसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। इसे लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा और पुलिस के साथ बहस भी की।

हनुमानगढ़ी में करती थी ड्यूटी

मालूम हो कि बीते महीने 30 अगस्त को प्रयागराज की रहने वाली महिला सिपाही की ड्यूटी सावन मेले में अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर पर रोज सुबह तीन बजे से शाम के 5:40 तक लगी हुई थी। 28 अगस्त को वह किसी काम से सुल्तानपुर गयी हुई थी और 29 अगस्त की शाम को सरयू एक्सप्रेस पकड़कर ड्यूटी करने अयोध्या जा रही थी। सरयू एक्सप्रेस प्रयागराज से सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या और मनकापुर जाती है।

लखनऊ ट्रामा सेंटर में हो रहा इलाज

महिला सिपाही ट्रेन में सो गयी और उसकी नींद नहीं खुली। ट्रेन सुबह मनकापुर से चलकर साढ़े 4 बजे अयोध्या पहुंची। जहां लोगों ने खाली बोगी में महिला सिपाही को खून से लथपथ देखा। जिसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में महिला को श्रीराम चिकित्सालय पहुंचाया, बाद में उसकी गंभीर हालत देखकर उसे दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। वहां पर भी जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो फिर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां अभी उसका उपचार हो रहा है।

चेहरे पर लगे 15 टांके

बता दें कि लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती महिला सिपाही अभी बेहोश है। ट्रेन में यात्रा कर रहे चश्मदीदों का कहना है कि महिला सिपाही के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। उसके चेहरे पर धारदार हथियार से वार किया गया था और उसके गाल पर साइड में एक कट बना हुआ था। साथ ही सिर से खून निकल रहा था और आईब्रो कटी हुई थी। महिला सिपाही के चेहरे पर 15 टांके लगे हुए हैं।अभी तक ये नहीं पता चल पाया है कि महिला सिपाही के साथ गैंगरेप हुआ है कि नहीं।

Latest news
Related news