Friday, September 20, 2024

घोसी की सीट पर सपा का कब्ज़ा, अखिलेश बोले- भारत ने INDIA को जिताया

लखनऊ। यूपी के मऊ के घोसी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के दारा सिंह चौहान रिकॉर्ड मतों से चुनाव हार रहे हैं। मतगणना खत्म होने वाली है और सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह रिकॉर्ड मतों से घोसी का रण जीतने वाले हैं। बीजेपी के दारा सिंह बुरी तरह से हारने वाले हैं। वहीं सपा खेमे में घोसी चुनाव परिणाम को लेकर ख़ुशी का माहौल है। इसी बीच घोसी चुनाव परिणाम को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव काफी उत्साहित दिखे।

नकारात्मक राजनीति की हार

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सुधाकर सिंह को बधाई दी है।अखिलेश यादव ने लिखा है घोसी की जनता और सुधाकर सिंह को अनंत बधाई। घोसी की जनता की बड़ी सोच की जीत हुई है। घोसी को सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं। घोसी की जनता ने इंडिया गठबंधन प्रत्याशी को जिताया, यह सकारात्मक राजनीति की जीत है। समाज को तोड़ने वाली राजनीति को मुंहतोड़ जवाब दिया है। यह सांप्रदायिक नकारात्मक राजनीति की हार है।

बीजेपी के घमंड की हार

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि बुलडोजर और बुल से त्रस्त जनता ने शासन-प्रशासन को करारा जवाब दिया है। कुछ स्थानीय नेताओं को लगता है कि एक समुदाय के लोग सपा की जेब में हैं, यह उनकी गलतफ़हमी का भी हार है। गिरगिट प्रत्याशियों के लिए भी यह सन्देश है कि जनता उनका असली रंग पहचान गयी है। दलबदल-घरबदल करने वालों की हार है। यह नतीजा बीजेपी का अहंकार और घमंड को चकनाचूर करने वाला है। यूपी फिर से देश में सत्ता के परिवर्तन का अगुआ बनेगा। भारत ने इंडिया को जिताने की शुरुआत कर दी है।

Latest news
Related news