Friday, September 20, 2024

वाराणसी के अलावा इन दो सीटों से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं प्रियंका गांधी, राहुल-सोनिया को लेकर भी सस्पेंस खत्म

लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगी या प्रयागराज व फूलपुर से इसे लेकर कांग्रेस पार्टी में मंथन शुरू हो गया है। इसे लेकर पार्टी उनके लिए राज्य की पांच सीटों पर होमवर्क करने में जुट गयी है। बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व की पहली प्राथमिकता वाराणसी की सीट है। ताकि प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी में सीधी चुनौती दे सके। वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के अमेठी तो सोनिया गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर तैयारी शुरू हो गयी है।

स्मृति को फिर से टक्कर देंगे राहुल

बता दें कि अभी तक यह कयास लगाए जा रहे थे कि खराब स्वास्थ्य की वजह से सोनिया गांधी चुनाव में नहीं उतरेंगी जिस वजह से रायबरेली से प्रियंका मैदान में नजर आएंगी। साथ ही अदालत के आदेश की वजह से अमेठी में स्मृति ईरानी को टक्कर देने के लिए राहुल की जगह प्रियंका को उतारने की संभावना जताई गयी थी। लेकिन अब राहुल को लेकर तस्वीर साफ़ हो गयी है कि वो अमेठी सीट पर फिर से अपना दमख़म दिखाएंगे और सोनिया गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी। तो ऐसे में सबकी निगाहें अब प्रियंका गांधी पर टिकी हैं।

इन सीटों पर बीजेपी कमजोर

जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी के लिए प्रदेश की पांच सीटों पर प्रदेश नेतृत्व होमवर्क कर रहा है। इसमें वाराणसी, फूलपुर और प्रयागराज की सीटें शामिल है। इन तीनों सीटों से कांग्रेस का पुराना रिश्ता रहा है। प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू तीन बार फूलपुर से सांसद रहे। 16 चुनावों में अब तक बीजेपी को सिर्फ 2 बार यहां से जीत मिली है। प्रयागराज में 7 बार कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं जबकि बीजेपी 4 बार जीती है। वहीं वाराणसी भी कांग्रेस का गढ़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि वो चाहते हैं कि प्रियंका गांधी वहां से चुनाव लड़े।

Latest news
Related news