Friday, September 20, 2024

Chandrayaan 3: बस कुछ देर और… जल्द होगी चांद पर लैंडिंग, मंदिर-मस्जिद में दुआओं का दौर जारी

लखनऊ। महज कुछ ही देर में वह समय आने वाला है, जिसका इंतजार 140 करोड़ भारतीय बेसब्री से कर रहे हैं। 1 घंटे से भी कम समय में चंद्रयान 3 की चांद पर लैंडिंग होगी। इसे लेकर देश भर में मंदिर से लेकर मस्जिद तक प्रार्थनाओं का दौर जारी है। चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग को लेकर पूरा देश दुआ कर रहा है। 41 दिनों के सफर को तय करके चंद्रयान यहां तक पहुंचा है। चंद्रयान की लैंडिंग के सभी टेस्ट और मानक पूरे हो चुके हैं। इसरो की लैंडिंग टीम ने जटिल प्रक्रिया शुरू कर दी है। थोड़ी देर बाद चंद्रयान चांद पर लैंड करेगा। ISRO का कहना है कि तय समय के मुताबिक ही मिशन पूरा होगा।

पूरी दुनिया की नजर भारत पर

बता दें कि भारत का तीसरा चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ इतिहास रचने के बेहद करीब है। आज शाम (23 अगस्त) 6:04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की सॉफ्ट लैंडिंग कराई जाएगी। विक्रम लैंडर से प्रज्ञान रोवर निकलकर चंद्रमा की सतह पर जानकारी इक्कठी करेगा। भारत के इस मिशन पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है। बता दें कि चंद्रमा के इस हिस्से पर अब तक कोई देश नहीं पहुंच पाया है। हाल ही में रूस का चंद्र मिशन ‘लूना-25’ यहां पर क्रैश कर गया था, जिससे उसका मिशन फेल हो गया।

स्पेस पॉवर बनेगा भारत

यदि चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग कर लेता है तो यह भारत को स्पेस पॉवर बनाएगी। साथ ही चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने मामले में अमेरिका, रूस और चीन के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन जायेगा। सॉफ्ट लैंडिंग करने में अब महज कुछ ही घंटे बचा हुआ है। काउंटडाउन शुरू हो गया है और लोगों की नजर इस ओर टिक गयी है।

Latest news
Related news