Friday, September 20, 2024

Seema Sachin: बच्चों के DNA टेस्ट करवाने के लिए तैयार हुई सीमा हैदर, बस नागरिकता मिल जाये

लखनऊ। अवैध तरीके से पाकिस्तान से भारत आयी सीमा हैदर इन दिनों यूपी एटीएस और सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है। सीमा को लेकर रोज नई-नई जानकारी सामने आ रही है। इसी बीच सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने राष्ट्रपति के समक्ष याचिका लगायी है कि सीमा को भारतीय नागरिकता दी जाये। पाकिस्तान से भारत के रबूपुरा आयी सीमा हैदर ने हिंदुत्व और भारतीय संस्कृति को अपनी ढाल बनाया है।

हिंदू संस्कृति से लगाव

शुक्रवार को सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने राष्ट्रपति के समक्ष याचिका लगायी है कि सीमा को भारतीय नागरिकता दी जाये। इस याचिका में सीमा ने सचिन के प्यार और भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर हिंदू धर्म अपनाने की बात कही है। सीमा की तरफ से दया याचिका में कहा गया है कि सीमा को भारतीय संस्कृति से प्यार है। अगर उसे पाकिस्तान वापस भेजा गया तो उसकी जान को खतरा है। अगर उसके बच्चों पर शक है तो डीएनए टेस्ट करवा लीजिए। उसने कहा है कि जिस तरह से पूर्व में अन्य विदेशियों को नागरिकता दी गयी है। वैसे ही सीमा को भी दी जाये।

रॉ और इंटरपोल से करवाएं जांच

इसके अलावा वकील ने कहा कि अगर पुलिस को शक है तो एनआईए, सीबीआई, रॉ और इंटरपोल से जांच करवाएं और सीमा का लाई डिटेक्टर टेस्ट भी करवाया जायें। बता दें कि सीमा हैदर के 2 टूटे और 3 सही मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए है। कोर्ट ने पुलिस को डाटा रिकवरी की अनुमति दे दी है। इसके अलावा जांच एजेंसियां फॉरेंसिक एविडेंस जुटाने में लगी है। ATS एक फर्जी पासपोर्ट की भी जांच कर रही है। हालांकि सीमा के खिलाफ अबतक जासूस होने के पुख्ता सबूत नहीं मिले है।

Latest news
Related news