लखनऊ। यूपी में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है। गंगा-यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ और नोएडा में बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश की वजह से भीषण गर्मी से राहत तो मिली है लेकिन जलभराव और बाढ़ की स्थिति ने लोगों के लिए संकट पैदा कर दिया […]
लखनऊ। यूपी में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है। गंगा-यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ और नोएडा में बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश की वजह से भीषण गर्मी से राहत तो मिली है लेकिन जलभराव और बाढ़ की स्थिति ने लोगों के लिए संकट पैदा कर दिया है। वहीं प्रदेश के फर्रुखाबाद में गंगा और राम गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा है। दोनों नदियों के जलस्तर बढ़ने से गंगा उफना गई है इससे करीब 24 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
बता दें कि गंगा किनारे बसे गांव में लगातार पानी बढ़ने से लोग भयभीत हो गए हैं। किसानों की हजारों बीघा फसलें गंगा में समा गई है। लगातार पानी छोड़े जाने से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। नरौरा बांध से 202578 क्यूसेक, बिजनौर बांध से 164385 क्यूसेक, हरिद्वार बांध से 73827 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिसके बाद गंगा नदी का जलस्तर 136.75 पर पहुंच गया है। गंगा नदी चेतावनी बिंदु से 15 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई है। जबकि रामगंगा में 22772 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद फर्रुखाबाद रामगंगा का जलस्तर 135.75 पर पहुंच गया है।
फिलहाल बारिश से राहत नहीं
मालूम हो कि सड़कों पर जलभराव की समस्या ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का ये सिलसिला अभी जारी रहेगा। शनिवार को यूपी के कई जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है। मासूम विभाग ने 15, 16 और 17 जुलाई को पश्चिमी एवं पूर्वी यूपी में अनेक जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।