Wednesday, September 25, 2024

जानिए कौन है यूपी की ऋतु करिधाल? जिनके इशारे पर उड़ान भरेगा ISRO का चंद्रयान-3

लखनऊ। ISRO यानी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान अपने अहम मिशन चंद्रयान-3 को लेकर इन दिनों चर्चा में है। कल यानी 14 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे के करीब इस महत्वपूर्ण मिशन को लॉन्च किया जाएगा। इसे लेकर पूरी तैयारियां हो गई है। खास बात ये है कि इस मिशन को संभालने की जिम्मेदारी एक महिला को दी गई है। बता दें कि मंगलयान-1 की डिप्टी ऑपरेशन डायरेक्टर एवं चंद्रयान-2 में मिशन डायरेक्टर रह चुकी ऋतु करिधाल को इस मिशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लखनऊ की हैं ऋतु करिधाल

मूल रूप से यूपी के लखनऊ की रहने वाली ऋतु करिधाल की स्कूलिंग सेंट एग्निस स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने नवयुग कन्या विद्यालय व महिला विद्यालय में भी पढ़ाई की। लखनऊ विश्वविद्यालय से उन्होंने फिजिक्स में ग्रेजुएशन किया। 6 महीने तक रिसर्च करने के बाद उन्होंने गेट निकाला। इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंसेज बैंगलोर से उन्होंने मास्टर्स किया। यहीं से फिर एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में डिग्री ली और 1997 में इसरो ज्वाइन किया।

रॉकेट वुमन के नाम से मशहूर 2 बच्चों की मां

“रॉकेट वुमन” के नाम से मशहूर दो बच्चों की मां ऋतु करिधाल बचपन से ही मेघावी थीं। उन्हें अब चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 2007 में उन्हें इसरो ने यंग साइंटिस्ट के अवार्ड से नवाजा था। इसके अलावा इन्हें डा. एपीजे अब्दुल कलाम युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मनित किया जा चुका है।

Latest news
Related news