लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के श्याम विहार कॉलोनी में एक बड़ा हादसा हुआ। श्याम विहार कॉलोनी में आग लगने से लगभग 80 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। इस घटना की सूचना दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची 6 दमकल गाड़ियों ने […]
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के श्याम विहार कॉलोनी में एक बड़ा हादसा हुआ। श्याम विहार कॉलोनी में आग लगने से लगभग 80 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। इस घटना की सूचना दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची 6 दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। झुग्गियों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बता दें कि यह हादसा सिलेंडर में आग लगने की वजह से हुआ है। आग इतनी भीषण थी कि 80 झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटों से सड़क के दूसरे ओर बने एक घर का भी आधा हिस्सा जल गया। आगजनी की इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों से निकलकर सड़कों पर भागने लगे। कुछ लोग छतों पर चढ़ गए।
यह घटना फैजुल्लागंज थाना क्षेत्र के श्याम विहार कॉलोनी की है। सूचना पर दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। दमकलकर्मियों के साथ नगर निगम के कर्मचारी भी आग बुझाने के काम में लग गए। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए मौके पर एंबुलेंस को भी बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझा ली गई। बताया गया कि झुग्गी में रहने वाले लोग सुबह के समय खाना बना रहे थे। उसी समय एक छोटे सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते आग फैलने लगी। आग से कई और घरों के सिलेंडर ब्लास्ट हो गए।