Friday, October 25, 2024

देश में सबसे गर्म जिला रहा आगरा, प्रदेश का पारा 46.9 पहुंचा, लू की चपेट में यूपी

लखनऊ। मौसम की तपिश ने शुक्रवार को अपना असर दिखाया और प्रदेश में कहीं-कही लू चली तो कहीं लू जैसे हालात रहे। देश में सर्वाधिक गर्म यूपी का शहर आगरा रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। लू और धूप की तपिश ने दिन भर लोगों को बेहाल किया। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन, गोरखपुर, झांसी, बागपत, बहराइच लू की चपेट में रहे। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, तपिश अभी बढ़ेगी। 21 मई तक तेज गर्म व शुष्क हवाएं बेहाल करती रह सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक हो सकती हैं। हालांकि 21 मई को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं गरच-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

आरेंज अलर्ट जारी

18 और 19 मई को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कुछ स्थान पर लू चलेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रात होने के भी आसार हैं। इसे लेकर येलो अलर्ट जरी किया गया है। 20 और 21 मई को लू का असर और बढ़ सकता है, इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

भारतीय मौसम विभाग के आंकड़े बता रहे

भारतीय मौसम विभाग ने कुछ राज्यों के चुनिंदा शहरों के तापमान को लेकर एक चार्ट ट्वीट किया है। इसके मुताबिक राजस्थान के बाड़मेर में पारा 46.5 डिग्री रहा। वहीं एमपी का ग्वालियर 44.9 डिग्री के साथ सर्वाधिक गर्म रहा। हरियाणा-चंडीगढ़ और दिल्ली में आयानगर में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के पटियाला में तापमान 44..4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Latest news
Related news