Friday, October 25, 2024

यमुना में क्रूज का ट्रायल, दुबई से पहुंची तकनीशियनों की टीम

लखनऊ। मथुरा से वृंदावन के बीच यमुना में संचालित होने वाले क्रूज का शुक्रवार ट्रायल शुरू होगा। इसके लिए दुबई से तकनीशियनों की टीम सुबह आएगी। ट्रायल की शुरुआत शाम 5 बजे होगी। कम पानी में यमुना में क्रूज चलाने के लिए 5 दिन तक हर रोज 4 टेस्ट किए जाएंगे।

दो महीने बाद ट्रायल

यमुना में क्रूज चलाने को लेकर बीते दिनों विरोध और तैयारियों के कारण 2 माह बाद ट्रायल हो रहा है। ट्रायल दुबई के तकनीशियनों की टीम की देखरेख में किया जाएगा। तकनीशियनों द्वारा यह देखा जाएगा कि यमुना में कम पानी में क्रूज को किस तरह से चलाया जा सकता है और किस तरह की परेशानी इस दौरान आ सकती हैं।

पांच दिन चलेगा ट्रायल

द अलकेमी ग्रुप के चेयरमैन राहुल शर्मा ने बताया कि यमुना में क्रूज चलाने से पहले कई तरह की तैयारियां की जाती हैं। यमुना किनारे प्लेटफार्म तैयार करने के साथ ही उसे सुविधाजनक और आकर्षक बनाना और क्रूज के सही तरीके से चलाने के लिए उसका ट्रायल अहम है। ट्रायल में पांच दिन लगेंगे। हर दिन चार टेस्ट होंगे। यह सभी टेस्ट दुबई से आ रही तकनीशियनों की टीम की देखरेख में होंगे। ट्रायल के दौरान क्रूज के संचालन में आने वाली कमियों को दूर करने और उनमें सुधार लाने का प्रयास भी किया जाएगा। ट्रायल शुक्रवार शाम पांच बजे हो सकता है। इसके लिए तकनीशियनों की टीम सुबह आ जाएगी।

Latest news
Related news