Friday, September 20, 2024

UP Lok Sabha Election : दूसरे चरण में इन प्रत्याशियों ने किया मतदान, इन उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

लखनऊ। लोकसभा चुनाव (UP Lok Sabha Election ) के दूसरे चरण में आज यूपी की आठ लोकसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। यहां वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। आज प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा पर मतदान हो रहा है।

इन प्रत्याशियों ने डाला वोट

मेरठ के RG इंटर कॉलेज में बागपत से एनडीए गठबंधन के तहत आरएलडी के प्रत्याशी राजकुमार सांगवान ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है, पहले मतदान बाद में जलपान।

वहीं गाजियाबाद से बीजेपी उम्मीदवार अतुल गर्ग ने दूसरे चरण की वोट के दौरान अपनी पत्नी के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने कहा, गाजियाबाद लोकसभा (UP Lok Sabha Election) सीट से भाजपा का टिकट मिलना जीत की गारंटी है। अतुल गर्ग ने आगे कहा कि मैं लोगों से कहूंगा कि खुद भी मतदान करें और देश सेवा के लिए लोगों से भी मतदान कराएं। यह भाजपा की परंपरागत सीट है, यहां सिर्फ यह तय होता है कि जीत कितने अंतर से होगी।

कहां से कौन प्रत्याशी?

बागपत लोकसभा सीट

बागपत लोकसभा सीट से भाजपा ने राजकुमार सांगवान को टिकट देकर मैदान में उतारा है। बसपा ने प्रवीण बंसल को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, सपा-गठबंधन ने अमरपाल शर्मा को मैदान में उतारा है।

अमरोहा लोकसभा सीट

अमरोहा लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने कंवर सिंह तंवर को मैदान में उतारा है, तो वहीं सपा कांग्रेस की तरफ से दानिश अली और बसपा के मुजाहिद हुसैन को टिकट दिया गया है। यहां पर मुकाबला त्रिकोणीय होता दिखाई दे रहा है।

मेरठ लोकसभा सीट

मेरठ लोकसभा सीट से भाजपा ने अरुण गोविल पर विश्वास जताया है। वहीं बसपा ने देवव्रत त्यागी और सपा ने सुनीता वर्मा को टिकट दिया है।

गाजियाबाद लोकसभा सीट

भाजपा ने गाजियाबाद लोकसभा सीट से दो बार सांसद रहे वीके सिंह का टिकट काटकर अतुल गर्ग को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस ने यहां से डॉली शर्मा को टिकट दिया है तो वहीं बसपा से नंद किशोर पुंडीर मैदान में है।

गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट

गौतमबुद्धनगर सीट से बीजेपी ने लगातार दो बार सांसद रहे डॉ महेश शर्मा को फिर से टिकट दिया है। बसपा की ओर से राजेंद्र सोलंकी मैदान में हैं वहीं समाजवादी पार्टी ने इस सीट से महेन्द्र नागर को टिकट दिया है।

बुलंदशहर लोकसभा सीट

बुलंदशहर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, यहां पर भाजपा ने 2014 और 2019 में लगातार कमल खिलाया है। इस बार भाजपा ने यहां से भोला सिंह को फिर से मैदान में उतारा है। वहीं सपा-कांग्रेस गठबंधन से शिवराम वाल्मीकि और बसपा ने नगीना से सांसद रहे गिरीश चंद्र पर दांव लगाया है।

अलीगढ़ लोकसभा सीट

अलीगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा का दबदबा है, भाजपा ने वर्तमान सांसद सतीश गौतम को ही टिकट दिया है। बसपा ने यहां मुस्लिम प्रत्याशी गुफ़रान नूर का टिकट काटकर बीजेपी से ही आए हितेंद्र कुमार को टिकट दिया है। समाजवादी पार्टी से जाट बिरादरी के बिजेंद्र सिंह मैदान में है।

मथुरा लोकसभा सीट

मथुरा लोकसभा सीट को VIP सीट माना जाता है। इस सीट से लगातार दो बार फ़िल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी सांसद रही है। इस बार भी वो बीजेपी की ओर से चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने यहां से मुकेश धनगर को टिकट दिया है। बहुजन समाज पार्टी ने यहां जाट बिरादरी से आने वाले आईआरएस रहे सुरेश सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

Latest news
Related news