Friday, September 20, 2024

लंबे अरसे बाद बीजेपी के कार्यक्रम में शामिल हुए वरुण गांधी, पीएम मोदी की जमकर की तारीफ़

लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा सांसद वरुण गांधी के सुर बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। दरअसल अक्सर सरकार की नीतियों के खिलाफ सवाल उठाने वाले वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की है। वरुण गांधी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन रीडेवलपमेंट कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीलीभीत पहुंचे थे। वो लंबे अरसे बाद भाजपा के किसी कार्यक्रम में नजर आये। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत बेहद गर्मजोशी से किया।

जय हिंदुस्तान का नारा गूंज रहा है

वरुण गांधी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र का निर्माण हो रहा है। आज विदेशी धरती पर भी जय हिंद, जय हिंदुस्तान का नारा गूंज रहा है। पूरी दुनिया में भारत की पहचान हो रही है। ब्रिटेन ने एक समय भारत को अपना गुलाम बनाया था और आज वहां का प्रधानमंत्री भारतीय मूल का है। अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस का संबंध भी भारत से रहा है। 18 देशों में सर्वोच्च पदों पर भारतीय मूल के हैं। आपो दुनिया में हर जगह वैज्ञानिक, डॉक्टर और वकील हिंदुस्तानी मिल जायेंगे।

पीएम मोदी को दिया राष्ट्र निर्माण का श्रेय

वरुण गांधी ने आगे कहा कि हमारे देश में हिम्मत, मेहनत और प्रतिभा की कमी नहीं है। बस लोगों को अवसर मिलने की जरूरत है। पूरी दुनिया में जय हिंद का नारा गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं। मालूम हो कि वरुण गांधी कई बार मोदी सरकार नीतियों के खिलाफ सवाल उठाकर बगावती तेवर दिखा चुके हैं। हालांकि पीलीभीत में बीजेपी सांसद के तेवर बदले-बदले से नजर आए और एक लंबे अरसे बाद बीजेपी के कार्यक्रम में शामिल हुए।

Latest news
Related news