Saturday, September 21, 2024

आडवाणी को भारत रत्न देने पर अखिलेश का तंज, बोले- बिखरते वोटों को सहेजने के लिए ये सब कर रही भाजपा

लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया जायेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट कर कहा है कि भारत के विकास में आडवाणी का अहमयोगदान रहा है। इस कारण उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जायेगा। इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है।

जाने क्या बोले अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने तंज करते हुए कहा कि बीजेपी के लिए यह वोट बैंक साधने का तरीका है। दरअसल भाजपा बिखर रहे वोटों को सहेजने के लिए यह सम्मान दे रही है। उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी सिर्फ झूठ बोलती है। बता दें कि लाल कृष्ण आडवाणी से पहले बिहार के पूर्व सीएम एवं जननायक कहे जाने वाले कर्पूरी ठाकुर को भी भारत रत्न दिए जाने का ऐलान किया गया।

राम मंदिर आंदोलन को दी अलग दिशा

मालूम हो कि लाल कृष्ण आडवाणी 96 वर्ष के हो चुके हैं। राम मंदिर आंदोलन में उन्होंने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया था और आंदोलन को एक अलग दिशा दी थी। नब्बे के दशक में उन्होंने इसके लिए रथ यात्रा निकाली, जिसे बिहार में तत्कालीन सीएम लालू प्रसाद यादव ने रोकी थी। उन्होंने लाल कृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार करवाया था, जो देश भर में चर्चा का विषय बना।

Latest news
Related news